ताश के पत्तों की तरह गिरी इमारत, 6 की मौत, 6 घायल!
महक अरोड़ा
21 मई 2025 : महाराष्ट्र के कल्याण पूर्व स्थित मंगलराघो नगर में उस समय एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक जर्जर इमारत का स्लैब गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब चार मंजिला सप्तशृंगी इमारत की दूसरी मंजिल का स्लैब अचानक ताश के पत्तों की तरह गिरकर नीचे आ गिरा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद राहत कार्य समाप्त हुआ। घायल व्यक्तियों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
35 साल पुरानी इमारत, मरम्मत का काम चल रहा था
सप्तशृंगी इमारत लगभग 35 साल पुरानी थी और हाल ही में इसमें मरम्मत का कार्य शुरू किया गया था। इमारत का स्लैब गिरने के बाद, अग्निशमन विभाग, टीडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा बचाव कार्य किया गया।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को ₹5 लाख मुआवजा देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को ₹5 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है। यह हादसा एक बार फिर जर्जर इमारतों के खतरनाक हालत और मनपा की लापरवाही को उजागर करता है।
मृतकों की सूची
-
प्रमिला साहू (58)
-
नामस्वी शेलार (1.5)
-
सुनीता साहू (37)
-
सुजाता पाडी (32)
-
सुशीला गुजर (78)
-
व्यंकट चव्हाण (42)
घायलों की सूची
-
अरुणा रोहिदास गिरणारायन (48)
-
शरवील श्रीकांत शेलार (04)
-
विनायक मनोज पाधी (45)
-
यश क्षीरसागर (13)
-
निखिल खरात (27)
-
श्रद्धा साहू (14)
मनपा ने इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया था
यह बिल्डिंग कल्याण डोंबिवली मनपा द्वारा खतरनाक घोषित की गई थी। प्रशासन ने हादसे के बाद जांच शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि स्लैब गिरने के पीछे की असल वजह क्या थी।
MA
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →