हरियाणा में गर्मी का कहर: 13 जिलों में लू का यलो अलर्ट, कुछ इलाकों में बारिश की उम्मीद
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ, 21 मई। – हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को प्रदेश के 12 जिलों के लिए लू को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में आगामी चार दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में लू का अलर्ट
लू की चपेट में सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मेवात शामिल हैं। वहीं 22 मई को पलवल को भी इस सूची में जोड़ते हुए कुल 13 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
बारिश से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में 25% तक बारिश की संभावना है। 22 मई को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 23 व 24 मई को दोबारा पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश के आसार हैं। इन इलाकों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
सिरसा सबसे गर्म
मंगलवार को हरियाणा में सबसे अधिक तापमान सिरसा में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके बाद हिसार में 44.2 और मेवात में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखा गया। मेवात में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी, जबकि हिसार में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
एहतियात जरूरी
IMD ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। लोगों को लू से बचने और बारिश की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →