Himachal News: जाहलमा पुल डैमेज: लाहौल की 14 पंचायतों और पांगी घाटी का संपर्क कटा, सैकड़ों वाहन फंसे; जानें विस्तार
बाबूशाही ब्यूरो
केलांग (लाहौल स्पीति) 27 मई 2026 : एसकेटीटी सड़क पर जाहलमा नाले में बने पुल के पास भारी मलबा व चट्टानें गिरने से पुल डैमेज हो गया है। इससे लाहौल की 14 पंचायतों के साथ समूची पांगी घाटी का लाहौल स्पीति जिला मुख्यालय और मनाली से संपर्क टूट गया है।
घाटी की जाहलमा, जुंडा, नालडा, मूरिंग, थिरोट, किशोरी, त्रिलोकनाथ, शकोली, उदयपुर, चिमरेट, तिंगरेट, मड्ग्रां, सलग्रां और तिंदी आदि पंचायतों के लोगों को अब आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जबकि मार्ग बंद पड़ने से घाटी में पर्यटकों सहित सैकड़ों वाहन फंस गए हैं।
विधायक ने लिया जायजा
स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने घटना के बाद बुधवार सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बीआरओ से जल्द वैकल्पिक मार्ग बनाने के साथ अतिरिक्त पुल बनाने की बात रखी। इस दौरान उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चट्टानें व भूस्खलन से जाहलमा और हालिंग गांव की पेयजल पाइपलाइन को हुए नुकसान को ठीक कर जल्द आपूर्ति बहाल की जाए।
बीआरओ के ओसी बोले
उधर, सीमा सड़क संगठन 94 आरसीसी के ओसी मेजर पारस ने बताया पुल असुरक्षित हो जाने के बाद नाले से वैकल्पिक सड़क निकाली जा रही है। जिसके चलते यहां वैकल्पिक तौर पर वाहनों की आवाजाही जल्द शुरू करवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुल और उसके आसपास की जगह सुरक्षित नहीं है। अतिरिक्त पुल तैयार करने के लिए साइट देखी जा रही है।
मुलिंग पुल के पास कार दुर्घटनाग्रस्त, पत्थर गिरने से चंद्रा नदी में गिरी कार
लाहौल क्षेत्र में मुलिंग पुल के पास मंगलवार को एक सड़क हादसा सामने आया, जहां पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर के कारण एक वाहन अनियंत्रित होकर चंद्रा नदी में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मुलिंग पुल और क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि वाहन संख्या एचपी-06सी-9494 चला रहे अनीश राणा की गाड़ी पर पहाड़ी से पत्थर गिरा था। पत्थर के टकराने से वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन चंद्रा नदी में जा गिरा।
हादसे में घायल हुए 35 वर्षीय अनीश राणा निवासी सेक्टर-7बी चंडीगढ़ का निवासी बताया जा रहा है। वह जिस्पा क्षेत्र में कैंपिंग व्यवसाय से जुड़े हुए हैं।
दुर्घटना में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में डॉक्टर आकर्षक द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि पुलिस ने हादसे को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं और ऐसे संवेदनशील मार्गों पर यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →