आपातकालीन तैयारियों के तहत यूटी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, चंडीगढ़ छोड़ने पर रोक
प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश, आपदा प्रबंधन के तहत उठाए कदम
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 09 मई 2025: आपातकालीन प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। प्रशासन ने यूटी चंडीगढ़ के सभी विभागों, बोर्डों और निगमों के कर्मचारियों को अपने मुख्यालय/स्टेशन पर बने रहने का निर्देश जारी किया है। अगले आदेश तक कोई भी कर्मचारी चंडीगढ़ छोड़ नहीं सकेगा।
प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि पहले से स्वीकृत सभी छुट्टियाँ तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। यदि किसी विशेष परिस्थिति में छुट्टी की आवश्यकता होती है, तो उसे संबंधित सचिव की स्वीकृति के बाद ही मान्य किया जाएगा। इसके लिए भी असाधारण परिस्थितियों का होना अनिवार्य है।
प्रशासन की तैयारी और उद्देश्य:
इस कदम का उद्देश्य संभावित आपातकालीन स्थिति में जन सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखना है।
सभी आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मियों को 24x7 उपलब्ध रहना होगा, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
आपदा प्रबंधन की योजना के तहत सभी महत्वपूर्ण विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। इसके उल्लंघन पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
"जन सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपातकालीन स्थिति में कर्मचारियों की तत्परता अत्यंत आवश्यक है," एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया।
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →