खन्ना में आंधी से 150 साल पुराना पेड़ गिरा, कई घर क्षतिग्रस्त
खन्ना, 11 जून, 2026ः खन्ना में गुरुवार तड़के तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने से भारी तबाही हुई। खन्ना खुर्द इलाके में करीब 150 साल पुराना एक विशाल पेड़ टूटकर कई मकानों पर गिर गया। इस हादसे में घरों की छतों और दीवारों को नुकसान पहुंचा, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान शुरू हुआ। इसी दौरान जोरदार आकाशीय बिजली पेड़ पर गिरी, जिससे वह जड़ से उखड़कर पास के मकानों पर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था।प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि पुराने और जर्जर पेड़ों की समय-समय पर जांच की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →