CM नायब सैनी ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचकर जाना हालचाल, शॉल भेंटकर किया सम्मान
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 21 जून:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अंबाला छावनी स्थित ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के निवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री के आगमन पर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विज परिवार के सदस्यों — भाई राजिंद्र विज, कपिल विज, चाचा रिटायर्ड विंग कमांडर एसडी विज, गौरव विज, शुभम विज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
गौरतलब है कि मंत्री अनिल विज के पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया है और चिकित्सकों ने उन्हें कुछ दिन पूर्ण आराम की सलाह दी है। लगभग एक माह पहले लगी इस चोट के बावजूद श्री विज लगातार सक्रिय रहे और उन्होंने अपने मंत्रालयों के विकास कार्यों, बैठकों और फील्ड निरीक्षणों में पूरी तत्परता से हिस्सा लिया। हाल ही में उन्होंने अंबाला छावनी क्षेत्र में बाढ़ प्रबंधन की समीक्षा के लिए सात घंटे तक निरीक्षण भी किया था।
पैर में बढ़ते दर्द के चलते शुक्रवार को उन्होंने एक्स-रे कराया, जिसमें फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। चिकित्सकों की सलाह पर अब उन्हें कुछ दिनों के लिए विश्राम करना होगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा इस प्रकार व्यक्तिगत रूप से स्वास्थ्य समाचार लेने पहुंचना मंत्रीमंडलीय सौहार्द और कार्यशैली की गंभीरता को दर्शाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जन ने इस सौजन्य भेंट को अत्यंत सकारात्मक रूप में लिया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →