हिसार में रिश्वत लेते पकड़ा गया पुलिस उपनिरीक्षक, एसीबी की कार्रवाई में रंगे हाथों गिरफ्तारी
बाबूशाही ब्यूरो
हिसार, 20 जून: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हिसार की टीम ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सिविल लाइन, हिसार में तैनात पुलिस उप निरीक्षक राम निवास को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता ने ACB को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि उसके बेटे देवेंद्र के खिलाफ थाना सिविल लाइन में दर्ज FIR संख्या 183/2023 की जांच राम निवास कर रहा था। इसी दौरान आरोपी उप निरीक्षक ने अदालत में पेशी के दिन ही जमानत दिलवाने के नाम पर ₹20,000 की रिश्वत की मांग की, जो बाद में ₹15,000 पर तय हो गई।
एसीबी ने शिकायत की पुष्टि के बाद जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत FIR संख्या 20 दिनांक 20.06.2025 थाना ACB हिसार में दर्ज की गई है।
जनता से अपील:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के प्रमुख ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत ACB के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर दें।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →