हरियाणा में प्री-मानसून ने दी दस्तक, 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी
चंडीगढ़ सहित कई हिस्सों में हल्की बारिश से गर्मी से राहत, 28 जून तक मानसून के आने की संभावना
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 20 जून:
हरियाणा में आज से प्री-मानसून एक्टिविटी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आगामी तीन दिनों तक झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इससे प्रदेशवासियों को लंबे समय से झेल रही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
येलो अलर्ट वाले जिले:
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत, पानीपत, झज्जर, मेवात, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम और रोहतक में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
अन्य जिलों में भी बारिश के आसार:
-
भिवानी, जींद, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 75% बारिश की संभावना जताई गई है।
-
वहीं, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में भी हल्की से मध्यम बारिश के संकेत हैं।
जल्दी आ सकता है मानसून:
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून इस बार तेजी से आगे बढ़ रहा है, और 28 जून तक हरियाणा में पूरी तरह प्रवेश कर सकता है। आमतौर पर मानसून जुलाई में दस्तक देता है, लेकिन इस बार इसकी रफ्तार सामान्य से अधिक तेज बताई जा रही है। अच्छी बारिश की संभावना से किसानों और आमजन दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
चंडीगढ़ का हाल:
चंडीगढ़ में हल्की बारिश और बादलों की मौजूदगी से मौसम सुहावना बना हुआ है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि उमस अभी भी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने 23 जून तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
पर्यटन स्थलों पर जाने वाले लोग सावधानी बरतें और बारिश के दौरान जलभराव व ट्रैफिक जाम से बचने के उपाय करें। मौसम से जुड़ी ताज़ा जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर नज़र बनाए रखें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →