Delhi की हवा में सुधार, सर्दी के मौसम में केवल 10 दिन 'गंभीर' श्रेणी में AQI
नई दिल्ली, 10 फरवरी 2026 : केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता में बड़ा सुधार हुआ है। 2025-26 की सर्दियों (अक्टूबर-जनवरी) के दौरान दिल्ली में 'गंभीर' श्रेणी वाले दिन घटकर केवल 10 रह गए, जबकि 2016-17 में यह आंकड़ा 31 था। दिल्ली का औसत AQI भी 2018 के 225 से सुधरकर 2025 में 201 हो गया है।
नियम तोड़ने वाली कंपनियों पर गाज
केंद्र सरकार ने कंपनी कानून के प्रावधानों का पालन न करने पर 703 कंपनियों पर कुल 55 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है। कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में 1,066 कंपनियों पर 109 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
स्टील सेक्टर में सांठगांठ की जांच
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा को सूचित किया कि भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) स्टील निर्माताओं द्वारा कथित कार्टेलाइजेशन (आपसी सांठगांठ) की जांच कर रहा है। इसकी जांच रिपोर्ट संबंधित पक्षों के साथ साझा कर दी गई है ताकि वे अपनी आपत्तियां दर्ज कर सकें।
तमिलनाडु में पुरातात्विक खुदाई
सरकार ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में तमिलनाडु से पुरातात्विक खुदाई के लिए 45 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आदिचनल्लूर में खुदाई जारी रखने के लिए केंद्र सरकार तमिलनाडु को पूर्ण सहयोग दे रही है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →