पंजाब के इस ज़िलें में हुई बेअदबी, मौके पर पहुंची पुलिस की टीमें
रामपुरा फूल, 10 फरवरी 2026 : पंजाब के जिला रामपुरा फूल के अंतर्गत गांव फूलेवाला में धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी का गंभीर मामला सामने आने से पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। शरारती तत्वों द्वारा भगत रविदास जी के श्लोकों से संबंधित पन्ने फाड़कर बस अड्डे के पास फेंके जाने की घटना ने ग्रामीणों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है।
जानकारी के अनुसार, गांववासियों को बस अड्डे के पास धार्मिक पुस्तकों के फटे हुए पन्ने पड़े मिले। जांच करने पर पता चला कि ये पन्ने भगत रविदास जी के श्लोकों से संबंधित थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) को अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार भाई टेक सिंह धनौला अपनी टीम के साथ गांव फूलेवाला पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जत्थेदार ने बताया कि फेंके गए पन्ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब या गुटका साहिब के नहीं थे, बल्कि भगत रविदास जी के श्लोकों से संबंधित थे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की जांच और ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस इस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। वहीं, थाना फूल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल गांव में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →