राष्ट्रपति भवन में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन
नई दिल्लीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन किया। उनका स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स के संबंध आपसी विश्वास और सम्मान तथा लोकतंत्र और बहुलवाद में साझा आस्था पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर की लहरें और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध, हमें एक दूसरे से जोड़ते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि इस वर्ष सेशेल्स अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे कर रहा है और भारत-सेशेल्स राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि सेशेल्स भारत के महासागर विजन में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है, जिसका उद्देश्य विकास के लिए व्यापार, सतत विकास के लिए क्षमता निर्माण और साझा भविष्य के लिए पारस्परिक सुरक्षा के स्तंभों पर आधारित सहयोग को और मजबूत करना है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस विजन के तहत भारत, सेशेल्स की विकास और सुरक्षा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए हमेशा तत्पर है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा के दौरान घोषित विशेष आर्थिक पैकेज से स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, शिक्षा, रक्षा और क्षमता निर्माण जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में भारत-सेशेल्स सहयोग को नई गति मिलेगी। दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की अपार संभावनाएं हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →