पंजाब में ठंड का 'पीक' खत्म: 15 फरवरी तक मौसम रहेगा शुष्क, दो दिन बढ़ेगा पारा
Babushahi Bureau
चंडीगढ़, 10 फरवरी 2026 : पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर अब बीत चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाली 15 फरवरी तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और बारिश या धुंध की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, पहाड़ों से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण सोमवार को तापमान में 0.9 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक बना हुआ है।
बादलों की आवाजाही पर नहीं होगी बारिश
बीते दिन कुछ इलाकों में बादल छाए रहे, लेकिन नमी की कमी के कारण बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, लेकिन इसका प्रभाव पंजाब में केवल बादलों तक ही सीमित रहा। अगले 7 दिनों तक मौसम पूरी तरह ड्राई रहने की उम्मीद है।
बठिंडा और चंडीगढ़ का हाल
पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ के तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट आई और यहां अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बठिंडा में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों जैसे अमृतसर (22.4°C), लुधियाना (22.8°C) और पटियाला (23.0°C) में भी पारा सामान्य के आसपास बना हुआ है।
अगले 48 घंटों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। कुल मिलाकर, अब खिली हुई धूप और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →