Himachal Breaking : चंबा में मकान गिरा, पति पत्नी की मौत;
पांच जिलों में रेड अलर्ट, इन उपमंडलों में आज स्कूल बंद
बाबूशाही ब्यूरो
चंबा, 21 जुलाई 2025 : हिमाचल प्रदेश में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। इससे जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज पांच जिलों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
चंबा में भूस्खलन से मकान क्षतिग्रस्त हो गया और पति-पत्नी की मौत हो गई। इनकी पहचान पल्लवी पत्नी सन्नी और सन्नी के रूप में हुई है। महिला पति के साथ मायके आई थी और इसी दाैरान यह घटना हो गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को भी सूचित किया।
उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र चुराह में आज स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने कहा कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शिक्षा विभाग ने यह निर्णय लिया है। वहीं मंडी के थुनाग में हालात फिर बिगड़ गए हैं।
नदी उफान पर होने से लोगों के घरों के लिए खतरा बना हुआ है। बारिश के चलते उपमंडल में आज सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का फैसला लिया गया है। इसी तरह शिमला जिले के कुमारसैन, रोहड़ू, जुब्बल, चाैपाल, जलोग सुन्नी, ठियोग में भी आज सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।
इन जिलों के लिए रेड अलर्ट
चंबा जिले में भारी बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। जगह-जगह सड़के बंद हो गई हैं, मक्की की फसल पानी के तेज बहाव में बह गई। चंबा- तीसा मुख्यमार्ग नकरोड व पंगोला में भूस्खलन हुआ है। नकरोड़-थली सड़क पर भी काफी क्षति होने की सूचना है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से अगले तीन घंटों तक शिमला, सिरमाैर, चंबा, कांगड़ा व मंडी जिले के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →