चंडीगढ़ पुलिस का नशे पर 'हथौड़ा': साल भर में 245 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति जब्त
चंडीगढ़, 18 फरवरी 2026 चंडीगढ़ पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और क्राइम ब्रांच ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाते हुए साल 2025 में रिकॉर्ड तोड़ कार्रवाई की है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल 150 मामले दर्ज कर 245 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुना है।
करोड़ों की ड्रग मनी और बैंक खाते फ्रीज:
पुलिस ने न केवल नशा पकड़ा, बल्कि तस्करों की कमर तोड़ने के लिए उनकी संपत्ति पर भी वार किया है।
-
जब्ती: 5 मामलों में करीब 8.79 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई।
-
बैंक खाते: तस्करों के 36 बैंक खातों में जमा 51 लाख रुपये से अधिक की राशि फ्रीज कर दी गई है।
-
बरामदगी: इस साल 5.8 किलो हेरोइन और 2.1 किलो कोकीन बरामद हुई है, जो पिछले सालों के मुकाबले काफी ज्यादा है।
पाकिस्तान और ड्रोन सप्लाई का पर्दाफाश
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि चंडीगढ़ में बिकने वाले नशे के तार सरहद पार पाकिस्तान से जुड़े हैं। क्राइम ब्रांच ने अमृतसर बॉर्डर से ऐसे तस्करों को पकड़ा है जो पाकिस्तानी हैंडलर 'बदहा भाई' और 'रियाज गिल' के इशारे पर ड्रोन के जरिए नशा मंगवाते थे। नशे की यह खेप अमृतसर और फिरोजपुर के रास्ते ट्राइसिटी तक पहुंच रही थी।
शहर के हॉटस्पॉट और विदेशी कनेक्शन
पुलिस ने सेक्टर-25, राम दरबार, मलोया और पलसोरा समेत कई इलाकों को 'ड्रग हॉटस्पॉट' के रूप में चिन्हित किया है। एनडीपीएस मामलों में पुलिस की मेहनत का नतीजा है कि कोर्ट में सजा की दर 85.85 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →