Himachal ULB Elections: नगर परिषद कुल्लू चुनाव: सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस पिछड़ी; काम नहीं आए विधायक सुंदर ठाकुर के वायदे, निर्दलीयों के हाथ में अध्यक्ष पद की चाबी
शशिभूषण पुरोहित
कुल्लू: 17 मई 2026 : रविवार को हुए नगर परिषद, नगर पंचायत और पंचायत चुनावों में कुल्लू जिला मुख्यालय पर दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर सामने आई। सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कुल्लू सदर के विधायक सुंदर ठाकुर के लिए यह चुनाव किसी राजनीतिक सेमीफाइनल से कम नहीं था, जिसमें उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। उनके सियासी वायदे काम नहीं आए।
नगर परिषद कुल्लू के 11 वार्डों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी केवल चार वार्डों में जीत दर्ज कर सके, जबकि भाजपा की स्थिति भी बेहतर नहीं रही और उसके खाते में तीन सीटें ही आईं। वहीं चार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, जिससे नगर परिषद की सत्ता की चाबी अब निर्दलीयों के हाथ में आ गई है।
हालांकि विधायक सुंदर ठाकुर ने अपने समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन अधिकांश प्रत्याशी हार गए। एक कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी को महज 83 वोट मिले, जबकि एक अन्य प्रत्याशी को लगातार तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा।
वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता राम सिंह ने अपनी धर्मपत्नी को निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दिलाकर शहरी राजनीति में अपनी पकड़ एक बार फिर साबित की।
दूसरी ओर, शहरी राजनीति के रणनीतिकार माने जाने वाले पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल महंत अपने किसी भी समर्थित प्रत्याशी को जीत नहीं दिला सके। यहां तक कि उनकी भतीजी को भी हार का सामना करना पड़ा।
वार्डवार परिणाम
वार्ड-1: निर्दलीय पुष्पा देवी ने 385 वोट लेकर जीत दर्ज की। विशाल सूद को 242 और तृप्ता महंत को 156 वोट मिले।
वार्ड-2: कुब्जा ठाकुर ने बेहद कांटे की टक्कर में पुष्पा अंजलि को एक वोट से हराया। कुब्जा को 356 और पुष्पा अंजलि को 355 वोट मिले। कार्तिक चौधरी को 121 वोट मिले।
वार्ड-3: आशा ठाकुर विजयी रहीं।
वार्ड-4: भाजपा समर्थित ज्ञान ठाकुर ने जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस प्रत्याशी को लगातार तीसरी बार हार मिली।
वार्ड-5: पूजा शर्मा विजयी रहीं।
वार्ड-6: गीता देवी ने जीत दर्ज की।
वार्ड-7: रामदेई विजयी रहीं।
वार्ड-8: निर्दलीय और पत्रकार शालिनी राय ने लगातार दूसरी बार शानदार जीत दर्ज की। उन्हें 338 वोट मिले, जबकि भाजपा समर्थित चंद्रा देवी को 241 और कांग्रेस समर्थित आशा को मात्र 83 वोट मिले।
वार्ड-9: कांग्रेस समर्थित जीवन कला ने 352 वोट लेकर जीत दर्ज की। अमीना को 260 और अनुपमा को 183 वोट मिले।
वार्ड-10: भाजपा समर्थित चंद्रभानु विजयी रहे।
वार्ड-11: भाजपा समर्थित राहुल कौशल ने जीत दर्ज की।
निर्दलीयों पर टिकी अध्यक्ष पद की ताजपोशी
इन परिणामों ने साफ कर दिया है कि न तो कांग्रेस और न ही भाजपा अपने दम पर नगर परिषद अध्यक्ष पद हासिल कर सकती है। अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है, ऐसे में कांग्रेस और भाजपा दोनों को निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाना होगा।
कुल मिलाकर, कुल्लू नगर परिषद चुनाव ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि स्थानीय राजनीति में निर्दलीयों का दबदबा बढ़ा है और अध्यक्ष पद की ताजपोशी पूरी तरह उन्हीं के समर्थन पर निर्भर करेगी। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →