Himachal Weather Update: हिमाचल में चार दिन सताएगी तेज धूप, 18 से 21 मई तक तापमान में होगी बढ़ोतरी, 22 को फिर करवट लेगा मौसम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू: 17 मई 2026 : हिमाचल प्रदेश में आने वाले चार दिनों तक गर्मी का दौर होने वाला है। राज्य में मौसम के बदलते मिजाज के बीच 18 से 21 मई तक अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तेज धूप खिलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार नजर आ रहे हैं।
खासकर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और पांवटा साहिब जैसे मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ बना रहा और निचले इलाकों में दिन के समय लोगों को तेज तपिश का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम विभाग ने 17 मई के लिए कुछ जिलों में अंधड़, हल्की वर्षा और बिजली कडक़ने का येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 18, 19, 20 और 21 मई को प्रदेश भर में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इन चार दिनों के दौरान तेज धूप के कारण गर्मी लगातार बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि 22 मई को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर वर्षा और हल्की बर्फबारी होने के आसार हैं। वहीं राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान भी कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। सराहन में 15, सांगला में 4 व कल्पा में 2 मिमी वर्षा हुई।
यहां, इतना न्यूनतम तापमान
राज्य में न्यूनतम तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। सबसे कम न्यूनतम तापमान ताबो में 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके बाद केलांग 3.5, कुकुमसेरी 5.7, कल्पा 6.0, मनाली और कुफरी 10.2, धर्मशाला 10.9, सराहन 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →