BIG BREAKING : सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के गवाह की मौत
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में गवाह और जांच अधिकारी रहे रिटायर्ड पुलिस अफसर अंग्रेज़ सिंह का लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया है। वह तत्कालीन थाना सिटी-1, मानसा के इंचार्ज रह चुके थे। पिछले कुछ समय से वह लुधियाना के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज करवा रहे थे और वहीं उन्होंने शुक्रवार को अंतिम सांस ली।
पिछली पेशी में बीमारी के चलते अदालत नहीं पहुंच पाए थे
सिद्धू मूसे वाला हत्याकांड की पिछली सुनवाई मानसा की अदालत में हुई थी, जहां अंग्रेज़ सिंह और सह-जांच अधिकारी सुखपाल सिंह को गवाह के तौर पर पेश होना था। पर वो दोनों ही पेश नहीं हो सके। इस दौरान मूसे वाला के पिता बलकार सिंह की तबीयत भी ठीक नहीं थी, और वह भी पेश नहीं हो सके थे। अंग्रेज़ सिंह की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिस कारण वह अदालत नहीं पहुंच पाए थे। अब अदालत ने अगली पेशी के लिए 4 जुलाई 2025 की तारीख तय की है। लेकिन उससे पहले ही अंग्रेज़ सिंह का निधन हो गया, जिससे यह केस एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
पंजाब पुलिस से हाल ही में हुए थे रिटायर
अंग्रेज़ सिंह हाल ही में पंजाब पुलिस से रिटायर हुए थे। वह सिद्धू मूसे वाला मर्डर केस की शुरुआती जांच से जुड़े रहे और महत्वपूर्ण जानकारियों को अदालत में दर्ज भी कराया गया था।
अंग्रेज़ सिंह अपने पीछे परिवार को छोड़ गए
उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। उनका बेटा फिलहाल पंजाब पुलिस में सेवा दे रहा है।
क्या है सिद्धू मूसे वाला हत्याकांड?
29 मई 2022 को गायक व एक्टर शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसे वाला की मानसा के गांव जवाहरके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय मूसे वाला अपनी थार गाड़ी में दोस्तों के साथ मौजूद थे। हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →