Himachal: नालागढ़ ट्रक यूनियन ने तीसरी बार बढ़ाया मालभाड़ा, दस दिन में 1.80 रुपए प्रति किलोमीटर तक बढ़ा किराया
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से दस दिन में 1.80 रुपए प्रति किलोमीटर तक बढ़ा किराया
बाबूशाही ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन) 26 मई 2026 : डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की परिवहन व्यवस्था और उद्योगों पर साफ दिखाई देने लगा है। डीजल के दामों में 2.71 रुपए प्रति लीटर की नई बढ़ोतरी के बाद देश की सबसे बड़ी ट्रक ऑपरेटर यूनियनों में शामिल नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने एक बार फिर मालभाड़ा बढ़ा दिया है।
यूनियन ने इस बार 60 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से मालभाड़े में इजाफा किया है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इससे पहले 16 मई को यूनियन ने 90 पैसे प्रति किलोमीटर तथा 24 मई को 30 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से मालभाड़ा बढ़ाया था।
लगातार तीसरी बार हुई इस बढ़ोतरी के बाद बीते करीब दस दिनों में मालभाड़े में कुल एक रुपए 80 पैसे प्रति किलोमीटर तक की वृद्धि हो चुकी है। ट्रक यूनियन द्वारा औद्योगिक संगठनों के साथ पूर्व में तय फार्मूले के आधार पर यह वृद्धि की गई है। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार डीजल कीमतों में वृद्धि होने पर तय अनुपात के अनुसार मालभाड़े की दरों में संशोधन किया जाता है।
पुराने भाड़े पर ट्रांसपोर्ट संचालन करना मुश्किल
ट्रक यूनियन के अध्यक्ष विद्या रतन ने कहा कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते ट्रांसपोर्ट कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। यूनियन द्वारा औद्योगिक संगठनों के साथ तय फार्मूले के अनुसार ही मालभाड़े में संशोधन किया गया है। डीजल, टायर, स्पेयर पाट्र्स और वाहन रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिससे पुराने भाड़े पर ट्रांसपोर्ट संचालन करना मुश्किल हो गया था। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →