Himachal BJP : Jairam Thakur: कहीं और खर्च किया जा रहा ट्राइबल का पैसा, जयराम ने सरकार पर जड़ा जनजातीय क्षेत्रों की अनदेखी का आरोप
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला : 13 अक्टूबर 2026 :
केंद्र सरकार द्वारा ट्राइबल डिवेलपमेंट के लिए भेजे जा रहे करोड़ों रुपए के बजट को लाहुल-स्पीति में खर्च न करके अन्यत्र डायवर्ट किया जा रहा है, जो अत्यंत चिंताजनक है। हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार केंद्र द्वारा दी जा रही आर्थिक मदद का सही इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। प्रदेश सरकार पर यह आरोप नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लगाया है।
गौर हो कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सोमवार को लाहुल-स्पीति के केलांग में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के हाई एल्टीट्यूड मेडिसिन एवं पब्लिक हैल्थ रिसर्च केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद कंगना रणौत और पूर्व विधायक रवि ठाकुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
जयराम ठाकुर ने इस के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर अभूतपूर्व सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में चार नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण, बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई का सेटेलाइट सेंटर और अब केलांग में यह शोध संस्थान मिलना हिमाचल के लिए बहुत बड़ी सौगात है। (SBP)
- Download Babushahi Hindi App
-
-
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →