खदान धंसने से बड़ा हादसा: 10 मजदूरों की मौत, 6 अब भी मलबे में दबे
महक अरोड़ा
31 मई 2025 : इंडोनेशिया के पश्चिम जावा प्रांत में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। सिरेबोन जिले में स्थित एक प्राकृतिक पत्थर की खदान अचानक धंस गई। जिसके चलते इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 मजदूर अब भी मलबे में दबे हुए हैं। घटना के वक्त खदान में 24 से अधिक लोग काम कर रहे थे।
स्थानीय पुलिस प्रमुख सुमारनी ने बताया, "खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक धंसा और काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है, लेकिन ढीली मिट्टी के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।"
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, यह खदान एक निजी स्वामित्व वाली थी, जहां शुक्रवार दोपहर के समय लगभग दो दर्जन मजदूर खनन कार्य कर रहे थे। अचानक ऊपरी परत का बड़ा हिस्सा धंस गया और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
मौके पर तुरंत स्थानीय प्रशासन, सेना, आपदा राहत बल और स्वयंसेवकों को भेजा गया। पांच भारी उत्खनन मशीनें, कई ट्रक और एम्बुलेंस राहत अभियान में लगाई गई हैं। तीन उत्खनन मशीनें और छह ट्रक भी मलबे में दबे मिले हैं।
बचाव कार्य में दिक्कतें
राहतकर्मियों के मुताबिक, मिट्टी काफी ढीली है जिससे मलबा हटाते समय बार-बार नए भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। यही वजह है कि रात में ऑपरेशन रोक दिया गया। BNPB (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी) के प्रवक्ता अब्दुल मुहरी ने कहा कि, "अंधेरे के कारण अभियान को शुक्रवार शाम रोकना पड़ा, शनिवार तड़के फिर शुरू किया जाएगा।"
जांच के घेरे में खदान मालिक
पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए खदान मालिक और वहां काम कर रहे सुपरवाइजरों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
इंडोनेशिया में हुए इस हादसे ने एक बार फिर अवैध या असुरक्षित खनन गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन राहत कार्य में लगा है, लेकिन इस हादसे ने कई परिवारों की ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल दी। अब सभी की निगाहें शनिवार सुबह फिर शुरू होने वाले रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं।
MA