Himachal Assembly: RDG मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा; भाजपा विधायकों का विरोध, मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 18 फरवरी 2026 :
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नियम-102 के अंतर्गत प्रस्तुत सरकारी संकल्प (RDG) पर चर्चा के दौरान बुधवार को तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने जवाब में विपक्ष, खासकर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया, जिसके बाद सदन में हंगामे की स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के 15वें और 16वें वित्त आयोग के समक्ष दिए गए वक्तव्यों का हवाला देते हुए कहा कि उनके कथन और वर्तमान रुख में विरोधाभास दिखाई देता है। मुख्यमंत्री के अनुसार, उन वक्तव्यों में RDG को हिमाचल के लिए आवश्यक बताया गया था।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट से पहले राज्य सरकार ने चार बार केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया से मुलाकात कर RDG टेपरिंग से राज्य को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री के मुताबिक आयोग की ओर से 2026-31 अवधि में RDG को समान बनाए रखने का आश्वासन दिया गया है।
राजस्व आंकड़ों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने अपने पांच वर्षों में 55,564 करोड़ रुपये जुटाए, जबकि वर्तमान सरकार ने तीन वर्षों में 50,030 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई, जबकि मौजूदा सरकार “व्यवस्था परिवर्तन” के जरिए आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार को RDG और जीएसटी प्रतिपूर्ति के रूप में लगभग 70 हजार करोड़ रुपये मिले, जबकि वर्तमान सरकार को केवल 17 हजार करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए। इसके बावजूद सरकार ने जनकल्याण योजनाएं लागू कीं और ओपीएस बहाली जैसे कदम उठाए। जीएसटी व्यवस्था के कारण जून 2022 के बाद राज्य को 18,239 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा भी उन्होंने किया।
मुख्यमंत्री द्वारा आंकड़े पेश किए जाने पर विपक्षी विधायक उत्तेजित हो गए और नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। हंगामे के चलते विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को सदन की कार्यवाही करीब 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद भी गतिरोध बना रहा। मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायकों से RDG मुद्दे पर स्पष्ट समर्थन देने की अपील की, जबकि विपक्ष का कहना था कि वे सरकारी संकल्प के साथ हैं, फिर भी सदन में शोर-शराबा जारी रहा।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर प्रदेश की संपदा को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए और कहा कि पूर्व सरकार की नीतियों की सच्चाई अब सामने आ रही है। विपक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सरकार पर राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →