Bangladesh में तारिक रहमान आज लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ
ढाका, 17 फरवरी 2026 : बांग्लादेश के राजनीतिक इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। हाल ही में हुए आम चुनावों में मिली प्रचंड जीत के बाद, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता तारिक रहमान आज देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण के साथ ही बांग्लादेश में करीब 20 साल बाद BNP की सत्ता में वापसी हो रही है और मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार का 18 महीने का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
शपथ ग्रहण समारोह का पूरा शेड्यूल:
-
सुबह 10:00 बजे: नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी।
-
सुबह 11:30 बजे: BNP संसदीय दल की बैठक होगी, जिसमें औपचारिक रूप से तारिक रहमान को नेता चुना जाएगा।
-
शाम 04:00 बजे: संसद परिसर के साउथ प्लाजा में भव्य समारोह आयोजित होगा, जहाँ राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन तारिक रहमान और उनके मंत्रिमंडल को पद की शपथ दिलाएंगे।
लंदन से ढाका तक का सफर
60 वर्षीय तारिक रहमान पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं। वे करीब 18 साल तक लंदन में रहने के बाद पिछले साल दिसंबर में स्वदेश लौटे थे। 30 दिसंबर को अपनी मां के निधन के बाद उन्होंने पार्टी की कमान संभाली और अब देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।
भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओम बिरला
इस ऐतिहासिक समारोह में शामिल होने के लिए भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ढाका पहुंच रहे हैं। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी और लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह के भी जाने की उम्मीद है, जो दोनों देशों के बीच भविष्य के रिश्तों की अहमियत को दर्शाता है।
अल्पसंख्यक चेहरों ने भी दर्ज की जीत
इस बार संसद में चार अल्पसंख्यक सदस्य भी पहुंचे हैं, जिनमें दो हिंदू चेहरे—गायेश्वर चंद्र राय और निताई राय चौधरी शामिल हैं। इन दोनों ने बीएनपी के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवारों को शिकस्त दी है। इनके अलावा बौद्ध धर्म से सचिंग प्रू और दीपेन दीवान भी चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →