Weather Alert ; पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का 'येलो अलर्ट': आज से बारिश के आसार
चंडीगढ़, 17 फरवरी 2026 पंजाब और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड की विदाई के साथ ही अब मौसम ने नया रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आज (मंगलवार) से अगले दो दिनों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
गर्मी का रिकॉर्ड और धुंध का साया
हैरानी की बात यह है कि जहाँ फिरोजपुर में पारा 31 डिग्री तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, वहीं बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। आज सुबह अमृतसर और बठिंडा में अचानक घनी धुंध छाई रही, जिससे विजिबिलिटी महज 50 मीटर रह गई और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई।
इन जिलों में रहेगी आफत
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, मानसा और बठिंडा में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →