Himachal in Union Budget: बजट में 1500 करोड़ का जिक्र नहीं, सरकार की उम्मीदों को झटका
पीएम मोदी ने प्रदेश में आपदाग्रस्त क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद की थी घोषणा
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 02 फरवरी 2026 :
हिमाचल को आपदा में मिले जख्मों पर मरहम लगाने के लिए आर्थिक सहायता की आस में बैठी सरकार और जनता को केंद्रीय बजट से बड़ा झटका लगा है। प्रधानमंत्री की प्रदेश को पंद्रह सौ करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता का बजट में जिक्र तक नहीं हुआ है। इसके चलते केंद्र से मदद की आस लगाए बैठे आपदा प्रभावित क्षेत्रों को भी राहत की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है।
वहीं, बजट में 1500 करोड़ की आर्थिक सहायता का जिक्र न होने के चलते कांग्रेस को भी एक बड़ा मुद्दा मिल गया है। तीन साल से लगातार आपदाओं का दंश झेलते चलते आ रहे प्रदेश को केंद्रीय बजट में आर्थिक सहायता का प्रबंध नहीं किया है। अहम है कि वर्ष 2025 में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आई आपदा के चलते राज्य को 6000 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ था। सितंबर, 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंडी, कुल्लू और चंबा जिला समेत अन्य आपदाग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था।
उस दौरान पीएम ने कांगड़ा जिला में आपदा पीड़ितों के साथ भी मुलाकात की थी और हिमाचल को 1500 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की थी। पीएम की इस घोषणा के बाद राज्य को सहायता न मिलने का मुद्दा हिमाचल में गूंजता रहा है। वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मंत्री भी 1500 करोड़ की आर्थिक सहायता की घोषणा होने के बाद एक फूटी कौड़ी भी प्रदेश को न मिलने पर सवाल उठाते रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी 1500 करोड़ की आर्थिक सहायता अब तक न मिलने की बात अपने बयानों में कह चुके हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →