HP Hindu Mahasabha Opposes UGC Bill : यूजीसी कानून के खिलाफ हिंदू महासभा का विरोध, सूरज भारद्वाज ने की समाज में बंटवारे की आग न भड़काने की अपील
हिंदू महासभा के अध्यक्ष बोले, एकता से ही बुझेगी यह आग
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 02 फरवरी 2026 :
हिंदू महासभा के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष सूरज भारद्वाज ने यूजीसी के नवीनतम कानून की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस कानून को समाज को बांटने वाला और अन्यायपूर्ण करार देते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि वह स्वयं अनुसूचित जनजाति (एसटी) श्रेणी से संबंधित गद्दी समुदाय से आते हैं, इसके बावजूद उन्होंने इस कानून का खुलकर विरोध किया। उन्होंने कहा कि यह समय एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, समरसता और एकता का है।
उन्होंने कहा,
“समाज में बंटवारे की आग लगाई जा रही है। इसे बुझाने के लिए सभी को साथ आना होगा। हम अपने सभी सवर्ण बंधुओं सहित समाज के हर वर्ग के साथ मिलकर इस कानून का पुरजोर विरोध करेंगे।”
भारद्वाज ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि यूजीसी का यह कानून तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मांग को नजरअंदाज किया, तो हिंदू महासभा प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी, जिसमें सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदू महासभा हिमाचल प्रदेश ने समाज से अपील की है कि आपसी सौहार्द बनाए रखें और इस कथित अन्यायपूर्ण कानून के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करें।
गौरतलब है कि हिंदू महासभा सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय रही है। हाल ही में संगठन द्वारा सैकड़ों आवारा पशुओं को चिन्हित कर उन्हें दोबारा सड़कों पर न छोड़े जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया गया है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →