Himachal: सिरमौर में बड़ा हादसा; खाई में गिरी कार, पति-पत्नी की दर्दनाक मौत मची, चीख-पुकार
बाबूशाही ब्यूरो
नाहन, 18 फरवरी 2026 : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां कुन्थल पशोग संपर्क मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार नेपाली मूल के एक बुजुर्ग दंपती की जान चली गई, जबकि एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है।
कथा सुनकर लौट रहे ग्रामीणों ने देखा मंजर
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब नेरीपुल निवासी नरवीर और अन्य ग्रामीण क्यारी गांव में भागवत कथा सुनकर लौट रहे थे। इसी बीच कुन्थल धार के पास एक तेज रफ्तार कार उनकी आंखों के सामने सड़क से नीचे खाई में लुढ़क गई। चश्मदीदों ने तुरंत शोर मचाया और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार के भीतर तीन लोग फंसे हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी (IGMC) शिमला पहुंचाया। हालांकि, रास्ते में ही राम बहादुर (62) और उनकी पत्नी मीना देवी (60) ने दम तोड़ दिया। मृतक दंपती नेपाली मूल के थे और स्थानीय बगीचों में मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहे थे। वहीं, कार चला रहा स्थानीय युवक अमन (निवासी कुन्थल) गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →