Tesla की कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV Model Y भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स
Babushahi Bureau
मुंबई | दुनिया की सबसे चर्चित इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla ने आखिरकार भारत में अपना पहला शोरूम खोल दिया है। 15 जुलाई यानी आज कंपनी ने मुंबई के Bandra Kurla Complex (BKC) में यह शोरूम ओपन किया है। इसके साथ ही टेस्ला ने अपनी पॉपुलर Model Y कार को भारत में लॉन्च भी कर दिया है।
मुख्य बातें एक नजर में:
1. लोकेशन: मुंबई, BKC
2. शोरूम का साइज: 4000 वर्ग फुट
3. किराया: ₹35 लाख प्रति महीना
4. लॉन्च हुई कार: Model Y
5. कीमत: ₹60 लाख से शुरू (एक्स-शोरूम)
6. सर्विस: लोकल पार्टनर से होगी
7. जल्द खुलेंगे शोरूम: दिल्ली और बेंगलुरु में भी
Model Y भारत में दो वेरिएंट में लॉन्च
टेस्ला ने भारत में Model Y को दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया है – Rear-Wheel Drive (RWD) और All-Wheel Drive (AWD)।
1. Model Y का RWD वेरिएंट 295 हॉर्सपावर की ताकत और 420 न्यूटन मीटर टॉर्क जनरेट करता है। यह कार महज 5.6 सेकेंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 201 किमी प्रति घंटा है। एक बार फुल चार्ज करने पर यह कार 575 किलोमीटर तक चल सकती है। इस मॉडल की शुरुआती कीमत भारत में 60 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।
2. दूसरी ओर, AWD वेरिएंट और भी ज्यादा पावरफुल है। यह 384 हॉर्सपावर और 510 न्यूटन मीटर टॉर्क देता है। ये वेरिएंट सिर्फ 4.6 सेकेंड में 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड पकड़ लेता है। इसकी टॉप स्पीड 217 किमी/घंटा है और फुल चार्ज में यह लगभग 526 किलोमीटर की रेंज देता है। इसकी कीमत 69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
दोनों वेरिएंट्स चीन से बने-बनाए (CBU) रूप में इम्पोर्ट किए जा रहे हैं, और भारत में इन्हें सीधे शोरूम से खरीदा जा सकेगा।
टेस्ला Model Y में मिलते हैं ये खास फीचर्स
1. पैनोरमिक ग्लास सनरूफ
2. रियर टचस्क्रीन
3. एडजस्टेबल क्लाइमेट वेंट्स
4. मैनुअल डोर हैंडल और डिजिटल ओपनिंग स्विच
5. ब्लाइंड स्पॉट अलर्ट और हेजार्ड लाइट
6. एडवांस सेफ्टी फीचर्स: फ्रंट, साइड और घुटने के एयरबैग
7. लेवल 2 ऑटोनॉमस ड्राइविंग (ADAS टेक्नोलॉजी)
डीलरशिप नहीं, सीधा ग्राहक तक
टेस्ला भारत में Direct-to-Customer मॉडल से काम करेगी। यानी यहां कोई डीलर या डिस्ट्रीब्यूटर नहीं होगा, ग्राहक सीधे कंपनी से ही कार खरीदेगा। हालांकि, सर्विस और मेंटेनेंस के लिए कंपनी के पास लोकल सर्विस पार्टनर होंगे।
BYD से मिलेगी सीधी टक्कर
टेस्ला भले ही दुनिया में EV सेगमेंट की जानी-मानी कंपनी हो, लेकिन चीन की BYD (Build Your Dreams) भी अब बड़ी टक्कर दे रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल 2025 में यूरोप में BYD ने टेस्ला से ज्यादा गाड़ियां बेचीं। अब भारत में भी मुकाबला तेज होगा।
MA
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →