हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने चंडीगढ़ प्रशासक से की मुलाकात, विधायकों और कर्मचारियों की सुविधाओं को लेकर रखे कई मुद्दे
विधान भवन, एमएलए हॉस्टल, हरियाणा निवास और डिस्पेंसरी से जुड़े विषयों पर विस्तार से हुई चर्चा
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 16 जुलाई:
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बुधवार को चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से भेंट कर हरियाणा विधानसभा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विधायकों, विधानसभा कर्मचारियों और उनके सहायक स्टाफ से जुड़ी आधारभूत आवश्यकताओं को लेकर प्रशासन से सहयोग की मांग की।
अध्यक्ष ने विधान भवन परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार में सुधार, हरियाणा एमएलए हॉस्टल परिसर में निजी स्टाफ व पुलिस कर्मचारियों के लिए ठहरने की सुविधाएं, हरियाणा निवास का विस्तार, और नई डिस्पेंसरी के लिए भूमि आवंटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को उठाया। साथ ही, विधान भवन में फोटो गैलरी के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया।
इन सभी प्रस्तावों पर यूटी प्रशासक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में हरियाणा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, यूटी के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, गृह सचिव मनदीप बराड़, चंडीगढ़ के उपायुक्त निशांत यादव, मुख्य वास्तुकार राजीव कुमार मेहता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह मुलाकात हरियाणा विधायकों और कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →