Himachal Pradesh: HPV Vaccination: बच्चियों को फ्री लगेगा 10 हज़ार वाला एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से मिलेगी सुरक्षा
28 फरवरी को पेरेंट्स टीचर मीटिंग में वैक्सीनेशन पर जागरूक किए जाएंगे माता-पिता
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 23 फरवरी 2026 :
हिमाचल की एक लाख के करीब 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को नि:शुल्क 10 हज़ार वाला एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमा वायरस)टीका लगाया जाएगा। इसके लिए सरकार, स्वास्थ्य विभाग व शिक्षा विभाग की ओर से ज़मीनी स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके लिए शिक्षा निदेशालय शिमला की ओर से प्रदेश भर में 28 फरवरी को पेरेंट्स टीचर मीटिंग यानी पीटीएम में माता-पिता का आना अनिवार्य किया गया है, जहां विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा।
इसमें माता-पिता को किशोरियों को वैक्सीनेशन के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही सर्वाइकल कैंसर के खतरे के बारे में भी बताया जाएगा। एचपीवी टीके से सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा में बड़ा मददगार पाया गया है। इस संबंध में अब शिक्षा निदेशालय शिमला की ओर से सभी जिलों के उप-निदेशकों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसमें यह तय किया जा रहा है कि 28 फरवरी को माता-पिता स्कूल में पहुंच पाए।
साथ ही मार्च व अप्रैल में फाइनल परीक्षाओं के बीच किसी एक दिन का चयन कर किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। गौर हो कि प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी वैक्सीनेशन लगवाने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। आठ से 10 हजार की यह वैक्सीन पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →