HH Dalai Lama : अभिषेक की 86वीं वर्षगांठ पर कार्यक्रम आज रविवार को, नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी मुख्य अतिथि
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 22 फरवरी 2026 :
मैक्लोडगंज स्थित चुगलाखंग मठ में रविवार को केंद्रीय तिब्बती प्रशासन की ओर से तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु तेंजिन ग्यात्सो के 14वें दलाई लामा के रूप में अभिषेक की 86वीं वर्षगांठ पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
यह अवसर दुनियाभर में बसे तिब्बती समुदाय, बौद्ध अनुयायियों और शांति के समर्थकों के लिए ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व रखता है। 22 फरवरी 1940 को ल्हासा स्थित पोटाला पैलेस में मात्र चार वर्ष की आयु में तेंजिन ग्यात्सो का औपचारिक अभिषेक दलाई लामा के रूप में हुआ। 1959 में तिब्बत की परिस्थितियों के चलते उन्हें भारत में शरण लेनी पड़ी और तब से वह धर्मशाला में निवास कर रहे हैं।
वर्षगांठ के अगले दिन 23 फरवरी को मठ में दलाई लामा की दीर्घायु के लिए विशेष प्रार्थना सभा होगी। यह प्रार्थना विश्वभर के पूर्व तिब्बती राजनीतिक बंदियों तथा ल्हासा बॉयज एसोसिएशन स्विट्जरलैंड की ओर से अर्पित की जाएगी। यह आध्यात्मिक आयोजन श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण का प्रतीक माना जा रहा है। पूर्व तिब्बती राजनीतिक बंदियों ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के दौरान दलाई लामा से मिली प्रेरणा और मार्गदर्शन को स्मरण करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए इस प्रार्थना का आयोजन किया है। कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के सदस्य, श्रद्धालु और समर्थक भाग लेने की संभावना है। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →