लुधियाना और गुजरात उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर चंडीगढ़ कार्यालय में विजय उत्सव
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 23 जून 2025: आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर 39 स्थित पार्टी कार्यालय में लुधियाना पश्चिम (पंजाब) और विसावदर (गुजरात) विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की ऐतिहासिक जीत का जश्न जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा और परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के महासचिव ओंकार औलख, पंजाब एवं चंडीगढ़ के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरत भूषण आशु को 10,637 मतों से हराकर अहम जीत दर्ज की। वहीं गुजरात के विसावदर उपचुनाव में पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल इटालिया ने भाजपा के उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 वोटों के अंतर से पराजित किया। इन दोनों सीटों पर मिली शानदार जीत ने आम आदमी पार्टी का जनाधार और राष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत कर दी है।
अपने संबोधन में विजयपाल सिंह ने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की ईमानदार राजनीति की जीत है। जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब देश को झूठे वादे नहीं, काम की राजनीति चाहिए। उन्होंने समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सफलता उन्हीं की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
कार्यक्रम में मिठाइयाँ बाँटी गईं, विजय के नारे लगाए गए, और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयाँ दीं। यह विजय उत्सव केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि जनता के भरोसे की जीत का प्रतीक बना।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →