HRTC : धर्मशाला-पालमपुर से 12 Inter-State लांग रूट बंद, एचआरटीसी के पास वोल्वो बसों की कमी से दिक्कत
दिल्ली-चंडीगढ़-हरिद्वार जाने वाली बसों के थमे पहिए
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 15 मई 2025 :
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में वोल्वो बसों की कमी जनता को मिलने वाली सेवाओं पर भारी पड़ने लगी है।
एचआरटीसी ने धर्मशाला व पालमपुर से चलने वाले करीब एक दर्जन से अधिक बस रूट बंद कर दिए हैं। हालांकि लॉन्ग रूट ही परिवहन निगम की आय के प्रमुख साधन हैं। एचआरटीसी के पास वोल्वो बसें पुरानी हो चुकी हैं, जो अपनी बुक वेल्यू पूरी होने के चलते अकसर ब्रेक डाउन कर जाती हैं, जिससे यात्रियों को आधे रास्ते में बस बदलनी पड़ती थी।
नई बसें समय पर खरीदी नहीं गई हैं और पुरानी बसों के रूट बंद करने पड़ गए हैं। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने पालमपुर के आठ और धर्मशाला के छह लंबे रूट बंद कर दिए हैं। इनमें अधिकतर रूट दिल्ली, चंडीगढ़ व हरिद्वार सहित अन्य रूट पर अपनी सेवाएं दे रहे थी। लंबी दूरी के इन बस रूट को बंद करने से अब जनता को सुविधा नहीं मिल पा रही है, हालांकि इससे निजी वोल्वो बसों को बिना मेहनत किए लाभ मिल रहा है।
निगम ने धर्मशाला से दिल्ली के लिए रात दस बजकर 10 मिनट पर चलने वाली वोल्वो बस को बंद कर दिया है। इसके अलावा शाम 6:30 बजे चलने वाली धर्मशाला-दिल्ली वोल्वो को भी बंद कर दिया है। इसी तरह सुबह 8:45 पर पर्यटन नगरी मैकलोडगंज से वाया चंडीगढ़ दिल्ली जाने वाली वोल्वो बस भी बंद कर दी है। शाम को छह बजे धर्मशाला से दिल्ली चलने वाली एक डीलक्स सेवा भी अब नहीं चल रही है।
धर्मशाला से पंजाब के होशियारपुर के लिए सुबह 5:20 पर चलने वाली Ordinary सेवा भी अब नहीं चल रही है। इसी तरह सुबह सात बजे पालमपुर से दिल्ली वाया सुजानपुर चलने वाली वेटलीज बस अब नहीं चल रही है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →