Himachal Monsoon: Dam Alert : नाथपा बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का अलर्ट, सतलुज किनारे लोगों को सतर्क रहने की सलाह
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/किन्नौर : 08 जुलाई 2026 : नाथपा स्थित नाथपा-झाकड़ी जलविद्युत परियोजना (एनजेएचपीएस) के बांध से जल छोड़ने को लेकर प्रशासन और आम जनता के लिए अलर्ट जारी किया गया है। परियोजना प्रबंधन के अनुसार नाथपा बांध में आने वाले पानी (इनफ्लो) में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिसके चलते मंगलवार 7 जुलाई 2026 को रात 8:30 बजे से रेडियल गेटों के माध्यम से लगभग 240 क्यूमेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है।
परियोजना प्रबंधन ने बताया कि अतिरिक्त जल छोड़ने के बाद नाथपा बांध से डाउनस्ट्रीम सतलुज नदी में कुल जल प्रवाह लगभग 603 क्यूमेक रहने का अनुमान है। इसमें रेडियल गेटों से लगभग 542 क्यूमेक तथा स्पिल फ्लशिंग टनल (एसएफटी) से लगभग 60.75 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा।
एसजेवीएन लिमिटेड ने अपने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि बांध में आने वाले पानी की मात्रा और बढ़ती है तो आवश्यकता अनुसार जल निकासी भी बढ़ाई जा सकती है।
परियोजना प्रबंधन ने जिला प्रशासन सहित संबंधित विभागों से आवश्यक एहतियाती कदम उठाने का आग्रह किया है। वहीं सतलुज नदी के किनारे रहने वाले लोगों, मछुआरों, पर्यटकों तथा नदी तट पर जाने वालों से विशेष सतर्कता बरतने और नदी के समीप न जाने की अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →