Himachal Accident: काल बनी नई बाइक; भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
बाबूशाही ब्यूरो
देहरगोपीपुर (कांगड़ा), 22 फरवरी 2026 : हिमाचल के कांगड़ा जिले के देहरा क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आदर्श कुमार निवासी गांव अंब लाहड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार को आदर्श देहरा बाजार से नए कपड़े खरीदकर अपनी बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान खबली दोसड़का के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदर्श गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत देहरा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आदर्श गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनखंडी में 12वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों ने बताया कि उसने मात्र 22 दिन पहले ही नई बाइक खरीदी थी, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित था। आदर्श दो बहनों का इकलौता भाई और अपने माता-पिता के बुढ़ापे का सहारा था। उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है। पिता संजय कुमार, जो एक छोटी सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, बेटे के खोने से गहरे सदमे में हैं। आदर्श की दोनों बहनें उच्च शिक्षित होकर आत्मनिर्भर हैं और पूरा परिवार आदर्श के उज्ज्वल भविष्य की राह देख रहा था। (SBP)
Click to Follow बाबूशाही हिन्दी फेसबुक पेज →