Donald Trump का 'दावा' फेल! टूट गया Ceasefire! इन दो देशों के बीच फिर शुरू हुई जंग
Babushahi Bureau
बैंकॉक/नोम पेन्ह, 8 दिसंबर, 2025 : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कुछ महीने पहले जिन दो पड़ोसी देशों के बीच Ceasefire करवाया गया था, वहां अब फिर से बारूद बरसने लगा है। बता दे कि सोमवार को थाईलैंड (Thailand) और कंबोडिया (Cambodia) के बीच स्थिति अचानक बिगड़ गई, जब थाई सेना ने सीमावर्ती इलाकों में हवाई हमले शुरू कर दिए। इस ताजा संघर्ष ने अक्टूबर में हुए उस समझौते की धज्जियां उड़ा दी हैं, जिसे ट्रंप के दबाव के बाद दोनों देशों ने स्वीकार किया था।
एक सैनिक की मौत, लोगों को निकाला जा रहा सुरक्षित
बॉर्डर पर तनाव चरम पर है और दोनों देश एक-दूसरे पर हमला शुरू करने का आरोप लगा रहे हैं। थाई सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल विंथाई सुवारे ने बताया कि कंबोडियाई सैनिकों ने थाई क्षेत्र में पहले गोलीबारी की। इस हमले में उनका एक जवान मारा गया और चार अन्य घायल हो गए। जवाब में थाईलैंड ने कंबोडियाई हमलों को दबाने के लिए लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया। प्रभावित इलाकों से नागरिकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।
दूसरी तरफ, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता माली सोचिता ने थाईलैंड के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि थाई सेना ने पहले उनके सैनिकों पर हमला किया। उन्होंने थाईलैंड से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को खतरे में डालने वाली सभी शत्रुतापूर्ण गतिविधियां तुरंत बंद करने की अपील की है।
ट्रंप की 'शांति योजना' खटाई में?
यह संघर्ष अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए भी एक बड़ा झटका है। जुलाई में हुई लड़ाई के बाद अक्टूबर में ट्रंप ने दोनों देशों के बीच सीजफायर करवाया था। नवंबर में ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने तनाव के बावजूद जंग रुकवा दी है। वह इसके लिए कई बार नोबेल पुरस्कार की दावेदारी भी पेश कर चुके हैं।
हालांकि, पिछले महीने लैंड माइंस से थाई सैनिकों के घायल होने के बाद से ही सीजफायर खतरे में था और अब एयरस्ट्राइक ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →