चंडीगढ़ कांग्रेस का प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन, 'संविधान हत्या दिवस' कार्यक्रम को बताया टैक्सपेयर के पैसे की बर्बादी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 25 जून 2025:
चंडीगढ़ कांग्रेस ने आज सेक्टर 18 स्थित टैगोर थिएटर के सामने जोरदार प्रदर्शन कर चंडीगढ़ प्रशासन और यू.टी. के प्रशासक पर जमकर निशाना साधा। यह विरोध उस कार्यक्रम के खिलाफ था जिसे प्रशासन की ओर से 'संविधान हत्या दिवस' के रूप में आयोजित किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि इस कार्यक्रम में न केवल जनता के टैक्स का पैसा खर्च किया गया, बल्कि इसे पूरी तरह से राजनीतिक रंग भी दे दिया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड नंबर 13 के कांग्रेस पार्षद सचिन गालव ने किया। उन्होंने कहा कि “संविधान की हत्या 25 जून को नहीं, बल्कि उस दिन हुई थी जब भाजपा के नामित पार्षद अनिल मसीह ने मेयर चुनाव में वोटों की गिनती में गड़बड़ी कर लोकतंत्र की हत्या की थी।” उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है कि प्रशासन उस घटना को नजरअंदाज कर भाजपा के इशारे पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
सचिन गालव ने सवाल उठाया कि "इस कार्यक्रम में किसका पैसा खर्च हुआ? क्या ये चंडीगढ़ के टैक्स देने वाले नागरिकों की कमाई का पैसा था? अगर हां, तो इसकी जवाबदेही किसकी है?" उन्होंने मांग की कि प्रशासक और प्रशासन जवाब दें कि इस राजनीतिक कार्यक्रम में सार्वजनिक धन क्यों और कैसे खर्च किया गया।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता संदीप गुज्जर ने भी प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, "चंडीगढ़ का प्रशासन और प्रशासक भाजपा के निजी कार्यक्रमों में जनता के खून-पसीने की कमाई को बर्बाद कर रहे हैं। जनता इसका हिसाब मांगेगी।"
प्रदर्शन में अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →