हरियाणा के राज्यपाल आशिम कुमार घोष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की शिष्टाचार भेंट
नई जिम्मेदारियों को लेकर मिला मार्गदर्शन, राष्ट्रपति ने भेंट की संविधान की प्रति
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 28 जुलाई 2025:
हरियाणा के नव नियुक्त राज्यपाल प्रोफ़ेसर आशिम कुमार घोष ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उनके 21 जुलाई को हरियाणा के 19वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद हुई। इस दौरान उनकी पत्नी मित्रा घोष भी साथ रहीं।
राज्यपाल प्रोफ़ेसर घोष ने इस अवसर को "मार्गदर्शन से भरपूर" बताते हुए कहा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मेरी एक अत्यंत उपयोगी चर्चा हुई। उन्होंने हरियाणा की सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक चुनौतियों पर विस्तार से बात की और कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मुझे विश्वास है कि उनके अनुभव से प्राप्त दिशा-निर्देशों से मैं अपनी जिम्मेदारियों को अधिक प्रभावी ढंग से निभा सकूंगा।”
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा सामाजिक कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा दी गई। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने राज्यपाल प्रोफ़ेसर घोष को संविधान की एक प्रति भेंट कर उन्हें नई भूमिका में शुभकामनाएं दीं।
ज्ञात हो कि प्रोफ़ेसर आशिम कुमार घोष देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों में गिने जाते हैं और उन्होंने विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में उल्लेखनीय सेवा दी है। हरियाणा की गवर्नरशिप की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी यह पहली राष्ट्रपति मुलाकात थी।
इस शिष्टाचार भेंट को राज्य और केंद्र के संबंधों के संदर्भ में भी एक सकारात्मक संवाद के रूप में देखा जा रहा है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →