चंडीगढ़-मनाली NH बंद, पंडोह से कुल्लू तक भूस्खलन, जगह-जगह फंसी गाड़ियां, सुरंगों-घरों-दुकानों में भरा पानी
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/मंडी, 09 अगस्त 2025 :
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे भूस्खलन के कारण बंद है। यहां हजारों वाहन फंस गए हैं और सुरंगों में भी पानी भर गया है। शुक्रवार को भी औट क्षेत्र में झिड़ी के समीप भारी लैंड स्लाइड हआ। बड़ी बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरी, जिससे कई घंटों तक एनएच यातायात के लिए बाधित रहा।
इसके बाद नौ मील और झलोगी में भी भू-स्खलन हुआ। शाम के समय भारी बारिश के कारण सुरंगों में भी पानी घुस गया। हनोगी ब्रिज के पास टनल में पानी घुसने से गाड़ियां पानी और मलबे में दब गई हैं। डेढ़ घंटे तक हुई बारिश ने कोहराम मचा दिया। पंडोह के सावला मोड़ पर खड्ड की तरह पानी आने से गाड़ियां आधी डूब गईं। यहां दुकानों और मकानों में भी पानी भर गया। पंडोह डैम कैंची मोड़ के पास भी लैंडस्लाइड होने से सडक़ मार्ग बंद हो गया।
डयोड में भी भारी लैंडस्लाइड से सडक़ मार्ग भर जाने से बंद गया। जोगणी मोड़ और झलोगी के पास भी पत्थर गिरने से रोड बाधित हो गया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि लैंड स्लाइडिंग के कारण चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाइवे बंद हैं। मंडी पुलिस के जवान लोगों की सुविधा के लिए एचएच पर तैनात हैं। एसपी ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में अनावश्यक यात्रा ना करें। किसी भी आपदा की स्थिति में संबंधित थानों में संपर्क करें।
उधर, मंडी जिला में एक नेशनल हाइवे सहित 209 सडक़ें बंद पड़ी हैं। धर्मपुर में 17, सराज में 95, मंडी में सात, थलौट में 50, करसोग में 20, जोगेंद्रनगर में दो, पद्घर में छह, सुंदरनगर में तीन, सरकाघाट में तीन और गोहर में पांच सडक़ें बंद हैं। विद्युत बोर्ड के 204 ट्रांसफार्मर भी ठप पडे हैं। साथ ही 105 पेयजल स्कीमें अभी भी बंद हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →