Jairam Thakur: हिमाचल में रेल विस्तार रोक रही सरकार, जयराम का आरोप; केंद्र की पहल पर भी नहीं कर रही सहयोग
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 04 फरवरी 2026 :
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कहना है कि इस बार हिमाचल को दिया गया रेलवे बजट यूपीए सरकार के मुकाबले 27 गुना अधिक है। केंद्र सरकार के भरपूर सहयोग के बाद भी हिमाचल में रेलवे के कामों में राज्य सरकार अड़ंगा लगा रही है। सरकार की लापरवाही की वजह से हिमाचल प्रदेश में रेलवे की परियोजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
राज्य सरकार हिमाचल के रेल नेटवर्क विस्तारीकरण में अपने हिस्से के काम में सहयोग नहीं कर रही है। जिससे हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी और रेल मार्ग संपर्क को नए आयाम देने वाली रेल परियोजनाएं लटकी हुई हैं और समय बढ़ने के साथ ही उन परियोजनाओं की लागत में भी वृद्धि होती जा रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में रेलवे के विस्तारित कारण और सुदृढ़ीकरण के लिए 2911 करोड़ रुपए का बजट जारी करने पर प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि साल दर साल हिमाचल के लिए रेलवे बजट में बढ़ोतरी हिमाचल में रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गत वर्ष के मुकाबले यह बजट लगभग 200 करोड़ रुपए अधिक है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायत चुनाव पर कहा कि अंतिम तिथि निकल जाने के बाद भी अभी तक 12 में से 10 जिलों में मतदाता सूची का प्रकाशन नहीं हो पाया है। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर सरकार भले ही पंचायत चुनाव करने को राजी हो गई है, लेकिन सरकार द्वारा जानबूझकर चुनाव की प्रक्रिया में देरी की जा रही है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →