निशित कटारिया बने हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 29 जुलाई 2025:
हरियाणा की युवा राजनीति में एक नए युग की शुरुआत हुई है। निशित कटारिया को सर्वसम्मति से हरियाणा युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। छात्र राजनीति से शुरू हुए उनके सफर ने आज उन्हें प्रदेश के युवा नेतृत्व के शिखर पर पहुँचा दिया है।
कटारिया ने 2012 में NSUI से अपनी राजनीतिक पारी शुरू की थी और युवाओं के मुद्दों को लेकर निरंतर सक्रिय रहे। 2021 में गुरुग्राम जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने और अपने कुशल नेतृत्व व संगठनात्मक क्षमता से संगठन को मजबूती दी।
2025 के युवा कांग्रेस चुनाव में निशित कटारिया ने पूरे प्रदेश में सबसे अधिक मत प्राप्त कर यह पद हासिल किया। वे युवाओं के बीच अपनी सादगी, मेहनत और ज़मीनी पकड़ के लिए पहचाने जाते हैं।
उनके पिता श्री सुखबीर कटारिया, हरियाणा सरकार में पूर्व मंत्री रह चुके हैं। लेकिन निशित ने अपनी अलग पहचान संघर्ष के बल पर बनाई है। उनकी नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कटारिया का कहना है, “मैं युवाओं की आवाज़ बनकर उनके हक और भविष्य के लिए लड़ूंगा। राजनीति मेरे लिए सेवा का माध्यम है, न कि सत्ता का साधन।”
हरियाणा के कोने-कोने से युवा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी है और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने की उम्मीद जताई है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →