पंजाब के राज्यपाल Gulab Chand Kataria को अस्पताल से मिली छुट्टी
Babushahi Bureau
चंडीगढ़ | 24 जुलाई 2025 | पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को PGI चंडीगढ़ से गुरुवार शाम छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह स्वस्थ और फिट घोषित किया, जिसके बाद वह शाम 7:00 बजे के करीब पंजाब राजभवन लौट गए।
गवर्नर हाउस में फिसलने से लगी थी मामूली चोट
कटारिया को गुरुवार दोपहर करीब 3:25 बजे PGI में भर्ती कराया गया था। जानकारी के अनुसार, गवर्नर हाउस में उनका अचानक पैर फिसल गया था, जिससे उन्हें हल्की चोट आई। घटना के बाद उन्हें तुरंत चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) ले जाया गया।
स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम ने की गहन जांच
PGI की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि राज्यपाल को मामूली चोटें आई थीं। उनकी जांच ऑर्थोपेडिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. विजय जी. गोनी और कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. रोहित मनोज की अगुवाई में वरिष्ठ विशेषज्ञों की टीम ने की। चेकअप के बाद उनकी हालत को स्थिर पाया गया और उन्हें निगरानी में रखा गया।
PGI डायरेक्टर ने जाना हालचाल, जल्द ही शुरू करेंगे नियमित कामकाज
PGI के निदेशक प्रो. विवेक लाल और उप निदेशक (प्रशासन) पंकज राय ने राज्यपाल से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अधिकारियों ने बताया कि अब राज्यपाल पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही अपनी नियमित गतिविधियां फिर से शुरू करेंगे।
MA
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →