बड़ी खबर: आतंकी हमला, 21 लोगों की मौत!
Babushahi Bureau
मध्य अफ्रीका, 27 July 2025 : पूर्वी कांगो एक बार फिर आतंक के साये में है। रविवार देर रात आतंकियों ने वहां एक कैथोलिक चर्च को निशाना बनाकर ऐसा कत्लेआम मचाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। इस्लामिक स्टेट (ISIS) से जुड़े आतंकी संगठन ADF (Allied Democratic Forces) पर इस हमले का शक है। हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घर और दुकानें जला दी गईं।
स्थानीय नागरिक नेता डियूडोने दुरंतबो ने बताया कि हमलावर रात करीब 1 बजे पूर्वी कांगो के कोमांडा इलाके में चर्च परिसर में घुसे और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने कहा, “21 से ज्यादा लोगों को मौके पर ही गोली मार दी गई। कई घरों में आग लगा दी गई। अब तक तीन जले हुए शव भी मिले हैं। शवों और घायलों की तलाश जारी है।”
सेना ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की, लेकिन नागरिक प्रशासन ने बताया बड़ा आंकड़ा
हालांकि कांगो की सेना की ओर से शुरुआती तौर पर 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है, लेकिन नागरिक संगठनों का दावा है कि असली आंकड़ा इससे कहीं ज्यादा हो सकता है। सेना का कहना है कि इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इस हमले ने एक बार फिर कांगो में इस्लामिक स्टेट की पैठ और उसकी हिंसक गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
कितना खतरनाक है ADF?
ADF यानी Allied Democratic Forces एक ऐसा विद्रोही समूह है, जो युगांडा और कांगो के बॉर्डर इलाकों में सक्रिय है। यह पिछले 10 सालों से भी ज्यादा वक्त से नागरिकों पर हमले करता आ रहा है। साल 2018 में इस संगठन ने ISIS के साथ आधिकारिक तौर पर संबंध स्थापित किए और 2019 में खुद को इस्लामिक स्टेट सेंट्रल अफ्रीका प्रोविंस (IS-CAP) घोषित किया।
यही वजह है कि ADF के ज्यादातर हमले आईएसआईएस की विचारधारा को फॉलो करते हैं, जिनमें धर्म आधारित निशाना बनाना सबसे बड़ा एजेंडा होता है।
बार-बार धर्म को बनाया जा रहा निशाना
यह कोई पहला मौका नहीं है जब ISIS से जुड़े आतंकी गुटों ने धर्म विशेष को निशाना बनाकर हमला किया हो। पूर्वी कांगो एक ईसाई बहुल देश है, जहां कई इस्लामी आतंकी संगठनों की सक्रियता लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है।
बीते कुछ वर्षों में चर्च, स्कूल और अस्पतालों को निशाना बनाकर कई हमले किए जा चुके हैं। सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह हमले बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →