डॉ. सागर प्रीत हूडा बने चंडीगढ़ के नए डीजीपी, इससे पहले भी निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 15 जुलाई 2025: केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. सागर प्रीत हूडा को चंडीगढ़ का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। डॉ. हूडा AGMUT कैडर 1997 बैच के अधिकारी हैं और उन्हें दिल्ली से चंडीगढ़ स्थानांतरित किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश (F. No.15041/05/2023-UTS.I) में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति सक्षम प्राधिकरण की स्वीकृति के बाद की गई है। आदेश पर गृह मंत्रालय के निदेशक (सेवाएं) अनीश मुरलीधरन के हस्ताक्षर हैं।
पहले भी दे चुके हैं सेवाएं चंडीगढ़ में
डॉ. सागर प्रीत हूडा इससे पहले भी चंडीगढ़ में पुलिस महकमे के विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं और प्रशासनिक तथा कानून-व्यवस्था के मामलों में उनका अनुभव उल्लेखनीय रहा है। दिल्ली में उनकी तैनाती के दौरान भी वे कानून व्यवस्था, साइबर अपराध और क्राइम इन्वेस्टिगेशन जैसे अहम क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर चुके हैं।
प्रशासनिक हलकों में स्वागत
डॉ. हूडा की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलकों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव और कुशल नेतृत्व से चंडीगढ़ में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, लद्दाख, अंडमान-निकोबार समेत अन्य केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भी भेजी गई है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →