Chandigarh - Manali NH : 28 घंटेे बाद खुल पाया चंडीगढ़-मनाली एनएच, अभी भी 196 सड़कें बंद, बरसात से हो चुका है 770 करोड़ का नुकसान
बाबूशाही ब्यूरो
कुल्लू/मंडी, 14 जुलाई 2025 :
चंडीगढ़ -मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग 28 घंटों के बाद यातायात के लिए बहाल हो पाया है। यहां फंसे हुए लोगों को वाहनों में ही रात काटनी पड़ी। रविवार शाम को यह मार्ग खुला, जिसके बाद फंसे हुए लोग वहां से निकल पाए।
बरसात के चलते प्रदेश में बड़ा नुकसान लगातार हो रहा है। भू-स्खलन से मार्ग बाधित हो रह हैं और अभी भी प्रदेश में 196 सड़कें आवाजाही के लिए बंद पड़ी हुई हैं। बरसात से अब तक प्रदेश में 770.97 करोड़ का नुकसान आंका गया है। मंडी व कांगड़ा में सबसे ज्यादा नुकसान रिकॉर्ड किया जा रहा है।
बादल फटने की घटनाओं से पेश आई त्रासदी में लोक निर्माण विभाग व जलशक्ति विभाग के साथ बिजली बोर्ड को बड़ा नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग को अभी तक 345.73 करोड़ और जल शक्ति विभाग को 409.00 करोड़ हुआ है। मानसून सीजन के दौरान अभी तक पेश आए विभिन्न हादसों में 98 लोगों की मौत हो चुकी है। मंडी में सबसे ज्यादा मौतें हुई है। यहां पर अभी तक 21 लोग अकाल मौत का ग्रास बन चुके हैं।
इसके अलावा बिलासपुर में सात, चंबा में नौ, हमीरपुर में आठ, कांगड़ा में 14, किन्नौर में छह, कुल्लू में 10, लाहौल स्पीति में दो, शिमला मेंं सात, सिरमौर में दो, सोलन व ऊना में 6-6 लोगों की मौतें हुई है। प्रदेश के कांगड़ा में दो, किन्नौर में एक, कुल्लू में दो, लाहुल स्पीति में एक, मंडी में 27 और शिमला में अभी भी एक व्यक्ति लापता चल रहा है।
प्रदेश में अभी भी 196 सड़कों के साथ एक नेशनल हाईवे यातायात के लिए बाधित चल रहा है। कांगड़ा में अभी भी 12 सड़कें बंद है। इसमें नगरोटा में एक, शाहपुर में चार, पालमपुर में छह और जयसिंहपुर में एक सड़क बंद है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →