Himachal Pradesh: बिना शर्त आपदा राहत पैकेज दे केंद्र, मुख्यमंत्री बोले पहले भी राहत पर राज्य ने खर्चे थे 5500 करोड़ रुपए
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 14 जुलाई 2025 :
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि केंद्र सरकार को आपदाग्रस्त प्रदेश के लिए बिना शर्त राहत पैकेज देना चाहिए, ताकि प्रभावितों की जल्द से जल्द मदद की जा सके।
उन्होंने कहा कि पिछली आपदा में केंद्र सरकार की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे किया था, जिसमें यह अनुमान लगाया गया था कि प्रदेश को लगभग 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसके बावजूद पोस्ट डिजास्टर नीड असेस्मेंट के तहत हमें अब तक केवल कुछ ही राशि प्राप्त हुई है।
राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 2023-24 में प्रभावित परिवारों को 4,500 करोड़ रुपए का विशेष आपदा राहत पैकेज दिया। हमारी अपेक्षा थी कि केंद्र सरकार उस राशि की पूरी भरपाई करेगी, लेकिन भारत सरकार ने सिर्फ 2006 करोड़ की मंजूरी दी है, जिसमें से भी 25 फीसदी हिस्सा राज्य सरकार का है।
इस पैसे को जारी करने के लिए भी कई तरह की शर्तें लगा दी गई हैं और प्रोजेक्ट प्रोपोजल मांगे जा रहे हैं। हम चाहते हैं कि बिना किसी शर्त के राहत पैकेज प्रदान किया जाए, ताकि सहायता सीधे प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा सके।
राज्य सरकार 2023 में हुई क्षति का पुनर्निर्माण अपने संसाधनों से भी कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा ने हमें गहरे जख्म दिए हैं। मैंने लोगों की आंखों में वह पीड़ा देखी है, जो अपनों को खोने का असहनीय दु:ख देती है। सरकार ने आपदा की फौरी राहत के लिए महत्त्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। हम घर बनाएंगे, पशुओं का मुआवजा देंगे और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित नहीं होने देंगे। हम वह हर कार्य करेंगे, जो आपको संबल दे, भरोसा दे और फिर से आगे बढ़ने की ताकत दे। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →