Himachal Snowfall: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, सैकड़ों सड़कें-बिजली ट्रांसफार्मर ठप, दुश्वारियां बढ़ीं
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला/कुल्लू/चंबा, 28 जनवरी 2026 : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश-बर्फबारी के बाद बुधवार को माैसम तो खुल गया लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा, किन्नाैर, सिरमाैर, कांगड़ा जिले के ऊपरी इलाकों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। मनाली में भारी बर्फबारी हुई है। वहीं शिमला शहर में भी रात को हल्की बर्फबारी हुई। कुफरी, नारकंडा, चाैपाल, जुब्बल-कोटखाई, रामपुर, रोहड़ू के ऊंचाई वाले इलाके बर्फ से लद गए हैं। राज्य के कम ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बारिश हुई है।
पहाड़ों पर हिमपात ने जनजीवन को फिर से पटरी से उतार दिया है। मौसम को देखते हुए लाहौल-स्पीति जिला, मनाली-बंजार उपमंडल और कुल्लू के 13 स्कूलों में आज भी अवकाश है। बारिश-बर्फबारी के चलते मनाली में अभी भी हजारों सैलानी फंसे हुए हैं। शिमला, कुल्लू, लाहौल स्पीति और चंबा समेत अन्य जिलों में करीब 500 सड़कें अभी भी बाधित हैं।
चंबा में हिमस्खलन, दो गाड़ियां और तीन दुकानें चपेट में आईं
चंबा जिले की पूलन पंचायत के ओट नाला में हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन ने सामान से लदी दो गाड़ियों व तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मंगलवार रात को लगभग 1:00 बजे हिमस्खलन हुआ। गनीमत यह रही कि हिमस्खलन रात को हुआ और घटनास्थल पर आवाजाही नहीं थी। अन्यथा जानमाल का भी नुकसान हो सकता था। हिमस्खलन से बंटी पुत्र देश राज निवासी गांव पूलन की गाड़ी व घड़लों देवी पत्नी जैहरी राम की तीन दुकानों के साथ एक पिकअप गाड़ी को नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस थाना भरमौर व प्रशासन को दी गई। ग्राम पंचायत प्रधान पूलन अनीता कपूर ने बताया कि हिमस्खलन के कारण क्षेत्र में दो मालवाहक वाहन और तीन दुकानों को क्षति पहुंची है।
कुल्लू और लाहाैल में लगातार 15 घंटे हुई बारिश-बर्फबारी
जिला कुल्लू व लाहौल घाटी में लगातार करीब 12 से 15 घंटे तक बारिश व बर्फबारी हुई है। मंगलवार दोपहर बाद से शुरू हुई बर्फबारी का दौर बुधवार सुबह थमा। इससे पर्यटकों व स्थानीय लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। दोनों जिले में सैकडों सड़कें व ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं।
हालांकि, पर्यटकों व लोगों ने धूप खिलने से राहत की सांस ली है। वहीं बीआरओ, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग ने मुख्य सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। मनाली में 60 सेंमी ताजा बर्फबारी हुई है। इस कारण सुबह मनाली से वापस जाने वाले सैलानी नहीं निकल पाए हैं। सोलंगनाला में 90, अटल टनल 120, रोहतांग दर्रा 150, जलोड़ी दर्रा 60 व केलांग में 30 सेंमी बर्फ दर्ज की गई है।
इन जिलों में रात का पारा माइनस में
कुल्लू, किन्नौर, लाहौल, शिमला, चंबा के कई भागों में रात का तापमान माइनस में दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं और नमी से मैदानों में भी सिहरन बढ़ गई है। चंबा के भरमौर-पांगी, चुराह, सलूणी, पर्यटन स्थल डलहौजी के डैनकुंड और लक्कड़मंडी में हल्की बर्फबारी हुई है। मंडी में नाचन घाटी सहित चौहार घाटी के बरोट, छोटा भंगाल, भुजलिंग, सराज के शैटाधार, कमरूघाटी में भी बर्फबारी हुई है। मंडी के शिकारी देवी में 50 सेंटीमीटर ताजा बर्फ गिरी है।
फिसलन की वजह से कोटखाई-रोहड़ू, ठियोग-रामपुर, ठियोग-चाैपाल व शिमला-ठियोग मार्ग बाधित है।
जानें माैसम पूर्वानुमान
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आज उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 29 जनवरी को पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद 30 व 31 जनवरी को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 1 व 2 फरवरी को राज्य के कई भागों में बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 3 फरवरी को चोटियों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 28 से 30 जनवरी तक सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर शीतलहर का अलर्ट भी है।
बर्फबारी से लकदक हुआ सराज, चैल-जंजैहली मुख्य सड़क कांढ़ा में बंद
सराज घाटी एक बार फिर सफेद बर्फ की चादर से ढक गई है। मंगलवार से शुरू हुई बर्फबारी बुधवार सुबह चार बजे तक जारी रही। बगस्याड, थुनाग, जंजैहली, छतरी, गाड़ागुशैण, थाची, बागाचनोगी और चिऊणी चेत जैसे क्षेत्र बर्फ से ढक गए हैं। इस बर्फबारी से सराज घाटी का सड़क संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। तापमान माइनस में पहुंच गया, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ गया। हालांकि, यह बर्फबारी किसानों और बागवानों के लिए वरदान साबित हुई है। जमीन में नमी बनी रहेगी, जो फसलों के लिए फायदेमंद है। खासकर सेब बहुल इलाकों जैसे जंजैहली, बगस्याड और संगलवाड़ा में बागानों को चिलिंग आवर्स पूरे होने की संभावना बढ़ गई है, जो सेब उत्पादन के लिए आवश्यक है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थानों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया, हालांकि स्कूलों में पहले से विंटर वेकेशन चल रही है। कांढा में 12 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी के कारण चैल-जंजैहली मुख्य सड़क मार्ग बंद हो गया।
पर्यटन नगरी जंजैहली में 15 सेंटीमीटर और थुनाग बाजार में 10 सेंटीमीटर बर्फ रिकॉर्ड की गई। अधिशासी अभियंता नीतीश शर्मा ने बताया कि कांढा में पहले से जेसीबी तैनात थी, जो बर्फ हटाने का काम शुरू कर चुकी है। बर्फबारी ने बिजली आपूर्ति पर भी असर डाला। 33 केवी गोहर लाइन बाधित होने से सराज उपमंडल के सभी 233 ट्रांसफार्मर बंद हो गए, जिससे इलाके में अंधेरा छा गया। एसडीएम संजीत शर्मा ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी और 1 फरवरी को भी भारी बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और जटिल हो सकती है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →