ट्रंप का सख्त एक्शन शुरू, 12 देशों के नागरिकों पर आज से अमेरिका में एंट्री बैन, मचा हड़कंप
महक अरोड़ा
9 जून 2025 : अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर एक बार फिर सख्ती की जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा प्रतिबंध नीति आज से दोबारा लागू हो गई है। ट्रंप ने कुछ दिन पहले एक आदेश पर साइन किए थे, जिसके बाद अब 12 देशों के नागरिकों के अमेरिका में आने पर रोक लगाई गई है।
क्यों लगाया गया ये प्रतिबंध?
ट्रंप ने कहा कि यह फैसला अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने अपने पहले कार्यकाल में जो पॉलिसी लागू की थी, उसी को फिर से शुरू किया गया है, लेकिन इस बार इसे और ज्यादा सख्त बनाया गया है।
किन देशों पर लगा बैन?
नया प्रतिबंध इन 12 देशों के लोगों पर लागू होगा:
-
अफगानिस्तान
-
म्यांमार
-
चाड
-
कांगो गणराज्य
-
इक्वेटोरियल गिनी
-
इरिट्रिया
-
हैती
-
ईरान
-
लीबिया
-
सोमालिया
-
सूडान
-
यमन
इनके अलावा कुछ और देशों जैसे बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के उन नागरिकों पर भी असर पड़ेगा, जो अमेरिका के बाहर हैं और जिनके पास वैध वीजा नहीं है।
पहले भी लगा था ऐसा प्रतिबंध
ट्रंप ने 2017 में भी ऐसा ही एक आदेश दिया था, जिसमें 7 मुस्लिम देशों के लोगों पर अमेरिका आने पर रोक लगाई गई थी। इन देशों में इराक, सीरिया, ईरान, सूडान, लीबिया, सोमालिया और यमन शामिल थे। उस समय इसे “मुस्लिम बैन” कहा गया था और अमेरिका सहित पूरी दुनिया में इसका जमकर विरोध हुआ था। कई यात्रियों को एयरपोर्ट से लौटा दिया गया था या फिर हिरासत में लिया गया था।
कोर्ट से टकराव के आसार
ट्रंप की इस नीति पर पहले भी कई बार अदालतों ने सवाल उठाए हैं। अब एक बार फिर उनके फैसले से न्यायाधीशों और सरकार के बीच टकराव बढ़ सकता है। माना जा रहा है कि कुछ संगठन इस आदेश को कोर्ट में चुनौती भी दे सकते हैं।
फिलहाल नहीं है खत्म होने की तारीख
यह प्रतिबंध आज से लागू हो गया है, लेकिन इसे खत्म करने की कोई तारीख तय नहीं की गई है। इसका सीधा असर लाखों वीजा अप्लाई करने वालों, प्रवासियों और उनके परिवारों पर पड़ सकता है।
MA