अमेरीका-भारत व्यापार समझौते का केंद्रीय मंत्रियों ने किया दिल खोलकर स्वागत
नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री अमित शाह, डॉ. एस. जयशंकर, राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल और किरेन रिजिजू ने अमरीका के साथ व्यापार समझौते के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और दोनों देशों के नागरिकों को बधाई दी है। गृह मंत्री अमित शाह ने इसे भारत-अमरीका संबंधों के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि टैरिफ घटने से दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों और पारस्परिक विकास में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि इससे भारत-अमरीका रणनीतिक साझेदारी को अधिक बल मिलेगा।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि इसस समझौते से दोनों देशों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, विकास को गति तथा नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से ‘मेक इन इंडिया’ प्रयासों को मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इससे भारत-अमरीका आर्थिक सहयोग में मौजूद अपार संभावनाओं का लाभ भी मिलेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह समझौता भारत-अमरीका की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह व्यापार समझौता साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने वाले दो समान विचारधारा और निष्पक्ष व्यापार करने वाले लोकतांत्रिक देशों की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों -एमएसएमई, उद्यमियों और कुशल श्रमिकों के लिए ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजाइन इन इंडिया’ और ‘इनोवेट इन इंडिया’ के माध्यम से विश्व के लिए अभूतपूर्व अवसर खुलेगा। उन्होंने कहा कि इससे भारत को अमरीका से प्रौद्योगिकी प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
श्री गोयल ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापार समझौता नहीं है, बल्कि एक ऐतिहासिक मोड़ है जो भारत-अमरीका संबंधों को नया आकार और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व के लिए आभार व्यक्त किया।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसे पारस्परिक लाभ का सौदा बताया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने कहा कि भारत और अमरीका के पास शांति और विकास के लिए मिलकर काम करने की अपार क्षमता है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत और अमरीका विश्व के सबसे मजबूत लोकतंत्र और समान मूल्यों तथा वैश्विक जिम्मेदारी वाले स्वाभाविक साझेदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भागीदारी लगातार मजबूत हो रही है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →