पंचकूला: 68 करोड़ के गबन मामले में एक और गिरफ्तारी, विजिलेंस टीम ने यश बिंदल को किया गिरफ्तार
प्रकरण में अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार, बैंक कर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
रमेश गोयत
पंचकूला/चंडीगढ़, 13 जुलाई 2025:
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस), पंचकूला ने 68 करोड़ रुपये के बड़े गबन मामले में एक और गिरफ्तारी करते हुए यश बिंदल पुत्र ज्ञान चंद बिंदल, निवासी मकान नंबर 815, सेक्टर 10, पंचकूला को हिरासत में लिया है। यश बिंदल एक प्राइवेट व्यक्ति है और उसकी गिरफ्तारी जांच के दौरान मिले पुख्ता सबूतों के आधार पर की गई। उसे 13 जुलाई को पंचकूला स्थित माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला वर्ष 2015 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP), पंचकूला से जुड़ा है। अधिकारियों की अनुमति के बिना एक साजिश के तहत पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा, चंडीगढ़ में विभागीय बैंक खाता (नं. 1183002100026639) खोला गया। इसके बाद 2015 से 2019 के बीच HSVP गुरुग्राम और पंचकूला कार्यालयों से लगभग ₹68 करोड़ की सरकारी राशि इस खाते में अवैध रूप से ट्रांसफर की गई।
जांच के अनुसार, उस समय के वरिष्ठ लेखा अधिकारी सुनील बंसल ने अपने सेवानिवृत्ति से एक दिन पहले, 27 फरवरी 2019 को यह बैंक खाता बंद करवा दिया था। सरकारी धन को विभिन्न प्राइवेट व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित कर उसका गबन किया गया।
अब तक हुई कार्रवाई
इस प्रकरण में दर्ज FIR नं. 116 (7 मार्च 2023) थाना सेक्टर-7, पंचकूला में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 120-B के तहत मामला दर्ज किया गया था।
नवंबर 2023 में इसकी जांच विजिलेंस को सौंपी गई थी।
अब तक इस केस में विजय कुमार, मनोज कुमार सिंगला, सुनील गर्ग (सभी प्राइवेट व्यक्ति) और सुनील बंसल (तत्कालीन वरिष्ठ लेखा अधिकारी, HSVP) को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यश बिंदल के खाते में पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा से ₹48 लाख की ट्रांजैक्शन ट्रेस की गई है।
बैंक अधिकारियों पर भी बढ़ी निगरानी
विजिलेंस ब्यूरो अब इस घोटाले में पंजाब नेशनल बैंक मनीमाजरा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक व अन्य संबंधित बैंक कर्मियों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है। यह मामला राज्य में सरकारी धन की सुरक्षा और वित्तीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विजिलेंस की टीम की ओर से आगे भी इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →