चंडीगढ़ स्टैंडिंग कमेटी पर विवाद, सांसद मनीष तिवारी ने दिया इस्तीफा
भाजपा को सातों कमेटी प्रमुख पद दिए जाने पर जताई नाराजगी, एचएस लक्की को समिति में शामिल करने की मांग
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 13 जुलाई 2025:
चंडीगढ़ की प्रशासक सलाहकार परिषद की स्टैंडिंग कमेटियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने कला, संस्कृति, पर्यटन और विरासत संरक्षण समिति के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है।
मनीष तिवारी ने अपने इस्तीफे में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने समिति में विशेषज्ञता और अनुभव को प्राथमिकता देने की जरूरत पर ज़ोर दिया।
तिवारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सभी सात स्टैंडिंग कमेटियों के चेयरमैन पद भाजपा से जुड़े लोगों को दे दिए गए हैं, जबकि इन पदों पर विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की नियुक्ति होनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने समितियों को राजनीतिक लाभ के साधन के रूप में इस्तेमाल किया है, जो जनहित के खिलाफ है।
इस घटनाक्रम के बाद चंडीगढ़ की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि नगर के विकास और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए संतुलित और निष्पक्ष प्रतिनिधित्व जरूरी है।
अब देखना होगा कि प्रशासक की ओर से इस मामले में क्या रुख अपनाया जाता है और एचएस लक्की को समिति में शामिल करने की तिवारी की मांग पर क्या निर्णय लिया जाता है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →